मंगलवार, 29 मई 2018

भोपाल-बैरसिया मार्ग के आसपास बसी कॉलोनियों में नहीं हुआ ड्रेनेज-सीवेज का काम

रोजमर्रा की जरूरत के लिए लांबाखेड़ा-नबीबाग के लोग हो रहे परेशान

फोटो... सहित
भोपाल।
भोपाल-बैरसिया-सिरोंज मार्ग का अंतिम दौर का कार्य पूर्ण होने के है, जिसके कारण मार्ग के आसपास बसे लोग ड्रेनेज-सीवेज की समस्या से परेशान हो गये हैं। सडक़ मार्ग निर्माण के कारण जो नाला था उसमें सीमेंट कांक्रीट का मलबा भर जाने से ड्रेनेज-सीवेज का पानी का निकास रूक गया है। बार-बार इस बाबद सूचना देने के बावजूद जिम्मेदार नगर निगम अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस मामले में शिकायत क्रमांक 5402963 और 5329783 की गई हैं पर इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उल्लेखनीय है कि लम्बे समय से मार्ग न बनने से जूझ रहे बैरसिया वासी जहां मार्ग का काम लगभग पूरा होने से राहत महसूस कर रहे हैं, वहीं भीषण गर्मी के दौर में ड्रेनेज और सीवेज का पानी निकास ना होने के कारण परेशान हो रहे हैं। गत वर्ष कॉलोनी के कई घरों में बारीश का पानी भर गया था, जिस पर भी जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में लांबाखेड़ा की कॉलोनी शारदा नगर में पानी कमर से ऊपर भर गया था जिसके बाद कॉलोनी में नाव चलाई गई थी और क्षेत्रीय पार्षद एवं समाजसेवी लोगों ने सामूहिक भोजन के पैकेट बनवाकर रहवासियों के भोजन की व्यवस्था की थी। यदि यही स्थिति रही तो क्षेत्रवासियों के घरों में ड्रेनेज-सीवेज के साथ-साथ बारीश का पानी घरों में भर जाएगा, और लांबाखेड़ावासियों को कॉलोनी और बैरसिया मार्ग से संपर्क टूट जाएगा।
पूराने मकानों की 1 मंजिला भवन हुआ जमींदोज
भोपाल-बैरसिया मार्ग बनने से पूर्व जो मकान बने हैं उन मकानों के एक मंजिला भवन करीब-करीब डूब क्षेत्र में पहुंच चुके हैं। कॉलोनी की सीवेज को जोडऩे वाले नाले पर अतिक्रमण और मलवा भर जाने से नाला लगभग बंद हो चुका है। इस पर अतिक्रमणकारियों ने निर्माण कर लिया है, जिससे सफाई कार्य नहीं हो पा रहा है। सडक़ मार्ग के दोनों और बारीश का पानी निकालने के लिए जो समानांतर पानी बहने के लिए सीमेंट कांक्रीट की लाइन डाली गई है वह बहुत ऊंचाई पर है, जिससे पुराना नाला पूरी तरह से बंद हो चुका है।
हो सकती है साल 2006 से भी ज्यादा भयावह स्थिति
सीवेज-ड्रेनेज लाइन न बनने से आगामी बारिश के सीजन में ड्रेनेज-सीवेज और बारिश के पानी का निकास नहीं होने से साल 2006 में हुई बारिश की त्रासदी से भी ज्यादा भयावह छिटपूट बरसात में ही हो जाएगी। जिसके भय से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। 

मंगलवार, 9 अगस्त 2016

"आजादी 70 - याद करो कुर्बानी"

भोपाल. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सवा सौ करोड़ देशवासी टीम इंडिया के रूप में देश को आगे बढ़ाने का संकल्प लें। जनशक्ति में देश को आगे बढ़ाने की ताकत होती है। प्रधानमंत्री श्री मोदी आज अलीराजपुर जिले के चन्द्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) में 'आजादी 70 - याद करो कुर्बानी' कार्यक्रम का शुभारंभ कर रहे थे। उन्होंने राष्ट्रव्यापी तिरंगा यात्रा का शुभारंभ भी किया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आज अगस्त क्रांति दिवस है। आज महात्मा गाँधी ने अंग्रेजों से भारत छोड़ो का आव्हान किया था। आज फिर से अवसर है कि आजादी की लड़ाई में जिन लोगों ने अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया उनका स्मरण करें। उन्होंने शहीदों और उनके बलिदान को याद करते हुये कहा कि वे जिन महान उद्देश्यों को लेकर लड़े, उन उद्देश्यों की पूर्ति का प्रण लें। उन्होंने जिस भारत का सपना देखा, उसे पूरा करने का हर देशवासी संकल्प लें। संकल्प लें कि देश के लिये जियें और गाँव, गरीब, पीड़ित और शोषित, वंचितों के जीवन में बदलाव लाने के लिये काम करें। आजादी के बाद 70 वर्षों में देश का जितना विकास होना चाहिये था उतना हुआ नहीं। आज भी देश में हजारों गाँव ऐसे हैं जिनमें बिजली नहीं है। केन्द्र सरकार ने एक हजार दिन में इन गाँवों में बिजली पहुँचाने का संकल्प लिया है। पिछले एक वर्ष में ऐसे आधे से अधिक गाँव में बिजली पहुँचाई जा चुकी है। आज भी देश में बहुत से बच्चे शिक्षा से वंचित है। हर बच्चे को स्कूल पहुँचाने का संकल्प लें।
कश्मीर के विकास के लिये हरसंभव मदद
प्रधानमंत्री ने कहा कि कश्मीर हर देशवासी के लिये स्वर्ग भूमि है। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इंसानियत, कश्मीरियत और जम्मूरियत का मार्ग अपनाया था। हम इसी मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। आजादी के सेनानियों ने जो आजादी देश को दिलाई वही आजादी हर कश्मीरी को भी मिली है। उन्होंने कहा कि मुट्ठीभर गुमराह हुए लोग कश्मीर की महान परंपरा को ठेस पहुँचा रहे हैं। हम कश्मीर को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जाना चाहते हैं और कश्मीर की युवा पीढ़ी को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना चाहते हैं। उन्होंने कश्मीर के युवाओं का आव्हान किया कि कश्मीर को दुनिया का स्वर्ग बनाने के संकल्प के लिये मिलकर काम करें। कश्मीर में इंसानियत और कश्मीरियत को दाग नहीं लगने दिया जायेगा। देश के नौजवानों से उन्होंने आव्हान किया कि देश के विकास के लिये आगे आयें। विकास के मार्ग पर चलकर कठिनाइयों के हल खोजे जा सकते हैं। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने कश्मीर के मुद्दे पर एक स्वर से समर्थन किया। कश्मीर के विकास के लिये जो भी संभव होगा, वह किया जायेगा।
श्री मोदी ने कहा कि पूरा हिन्दुस्तान आजादी के लिये एक होकर लड़ा था। आज फिर देश के रूप में एक सपने को लेकर आगे बढ़ने का अवसर है। देश के लिये कुछ करने का संकल्प लें। उत्साह और उमंग से काम करें, तो देश आगे बढ़ेगा।
मुख्यमत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि क्रांतिकारी चन्द्रशेखर आजाद की जन्मभूमि पर आने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री श्री मोदी है। देश को आजादी दिलाने में हजारों देशभक्त और क्रांतिकारियों के बलिदान का महत्वपूर्ण योगदान हैं। सम्पूर्ण देश में 9 से 23 अगस्त तक क्रांतिकारियों को याद करने का उत्सव मनाया जायेगा। केन्द्र सरकार का यह प्रयास अभिनंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के राष्ट्र निर्माण के स्वच्छता, डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों में आगे आकर सहयोग करें। उन्होंने युवाओं का आव्हान किया कि देशभक्ति के जज्बे से काम करें।
पशुपालन एवं मत्स्य-पालन मंत्री श्री अंतरसिंह आर्य ने आदिवासी बोली में स्वागत भाषण िदया। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस पर आदिवासी बहुल जिले में आये प्रधानमंत्री का प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी का परम्परागत आदिवासी पगड़ी, जैकेट तथा कड़ा पहनाकर स्वागत किया गया। इसके पहले प्रधानमंत्री श्री मोदी ने शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्म-स्थली पहुँचकर श्रद्धा-सुमन अर्पित किये।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री विजय शाह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री ओमप्रकाश धुर्वे, पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा, सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान और सांसद श्री विनय सहस्त्रबुद्धे, अन्य जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जनता उपस्थित थी। आभार प्रदर्शन सहकारिता राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विश्वास सारंग ने किया।